Tuesday, October 20th, 2026

छेड़खानी के विरोध पर सेना के जवान की पीट-पीटकर हत्या

प्रयागराज
धूमनगंज के नीमसराय में छेड़छाड़ के विरोध में सेना के जवान आशुतोष कुमार सिंह की ईंट पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना तब हुई जब वह पड़ोसी युवती संग कार से जा रहा था। इसी दौरान हुए विवाद के बाद हमलावर हुए बदमाशों ने उसे मौत के घाट उतार दिया। हालांकि पुलिस अफसर छेड़छाड़ के विरोध में हत्या की बात से इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि रास्ते से हटने के लिए कहने पर हुई मारपीट में जवान की मौत हुई। देर रात तक हत्यारों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

उधम सिंह नगर में तैनात आशुतोष (38) पुत्र अशोक कुमार सिंह का घर धूमनगंज के महेंद्र नगर में है। दो महीने पहले वह छुट्टी लेकर घर आया था और शनिवार को उसे वापस लौटना था। शुक्रवार रात वह पड़ोस में रहने वाली श्वेता यादव के साथ मोमोज खरीदने कार से निकला। रात करीब 10 बजे युवती ने 112 नंबर पर सूचना दी कि कुछ लोग उसके साथ बलात्कार का प्रयास कर रहे हैं और उन्होंने आशुतोष को भी हमलाकर मरणासन्न कर दिया है।

उसने फोन कर जवान की पत्नी प्रतिमा को भी जानकारी दी जिसके बाद परिजन भी आ गए। गंभीर रूप से जख्मी हाल में जवान को पास ही स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर धूमनगंज पुलिस भी पहुंच गई। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।

मृतक के परिजनों ने बताया है कि रास्ते से हटने के लिए कहने पर बदमाशों ने जवान पर हमला किया, जिसमें उसकी मौत हुई। उन्होंने यह भी शक जताया है कि हो सकता है कि घटनास्थल पर मौजूद रही युवती भी हत्या की साजिश में शामिल रही हो। फिलहाल अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की गई है। छेड़छाड़ के विरोध में हत्या की बात अब तक सामने नहीं आई है।
दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी

 

#पीट-पीटकर हत्या

Source : Agency

पाठको की राय